गौरेला-पेंड्रा-मरवाही , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन मंडल में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है और वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी बीट अंतर्गत डडिंया गांव निवासी 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह सुबह करीब चार बजे महुआ संग्रह के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक अकेले घूम रहे दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, यह वही हाथी है जो एक अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था और विभिन्न मार्गों से होते हुए मरवाही क्षेत्र में पहुंचा है। फिलहाल हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के आसपास मौजूद है, जिससे समीपवर्ती गांवों में भय का वातावरण बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन अमला और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही ग्राम पंचायत पोंडी के जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। क्षेत्र मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगलों में न जाएं तथा विशेषकर रात और तड़के के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित