कोलकाता , मई 4 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में एक बड़े राजनीतिक उलटफेर के तहत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से 15,501 मतों के अंतर से हार गई हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,801 वोट प्राप्त हुए। साल 2021 में नंदीग्राम में 1,500 वोटों से हारने के बाद यह लगातार दूसरा मौका है जब ममता बनर्जी को अपने पूर्व सहयोगी के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी है।

यह चुनावी नतीजा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उस प्रचंड लहर का हिस्सा है जिसने पूरे राज्य में तृणमूल के कम से कम 17 मंत्रियों और दिग्गज नेताओं को हरा दिया है। पराजित होने वाले प्रमुख चेहरों में वित्त राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चंद्रिमा भट्टाचार्य दमदम उत्तर से 16,000 वोटों से, रासबिहारी से देबाशीष कुमार 21,000 वोटों से और शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु दमदम से 25,000 से अधिक मतों से चुनाव हार गए हैं। राशन घोटाले में आरोपी ज्योतिप्रिय मल्लिक को हाबड़ा में 31,000 से अधिक वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा श्यामपुकुर से और ममता बनर्जी के करीबी अरूप बिस्वास टॉलीगंज से अपनी सीट गंवा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित