कोलकाता , अक्टूबर 13 -- पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास के बाहर रविवार शाम एक महिला सुरक्षा घेरे को भेदते हुए मुख्यमंत्री के आवास के मुख्य द्वार तक पहुंच गई और कथित तौर पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया।

पूर्व सांसद एवं पार्टी प्रवक्ता साकेत गोखले ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हमले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, " आज एक ड्रग एडिक्ट ममता बनर्जी के घर पहुंची और उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। बंगाल में यह हालत है, जहां जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त और तीन बार की मुख्यमंत्री भी सुरक्षित नहीं है।"उन्होंने सवाल करते कहा कि क्या यह भाजपा की सोची-समझी साज़िश थी, क्योंकि दीदी (सुश्री बनर्जी) दिल्ली में उन्हें खत्म करने पर तुली हुई हैं? श्री गोखले ने बताया कि इस मामले में शिकायत दर्ज करा दी गयी है। क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या इसे अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) ने मंज़ूरी दी थी?श्री गोखले ने कालीघाट थाने को ई-मेल से भेजी गयी शिकायत का पत्र भी साझा किया है। इस औपचारिक शिकायत के अनुसार, रविवार शाम लगभग छह बजे तनिष्ठा साहा नामक एक महिला अचानक हिंसक अंदाज में मुख्यमंत्री आवास के करीब पहुंच गई। शिकायत में दावा किया गया है कि महिला कथित तौर पर एक सिविक वालंटियर है और ड्रग्स की आदी है।

आरोप है कि नशे की हालत में उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सुश्री बनर्जी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उनके करीब पहुंचने की कोशिश की और खुद को उनकी भतीजी बताते हुए सड़क पर लेटकर हंगामा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित