सिलीगुड़ी , अक्टूबर 07 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को एक निजी अस्पताल में घायल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद खगेन मुर्मु से मुलाकात की। सोमवार को जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में एक हिंसक भीड़ द्वारा किए गए हमले में उनके चेहरे पर चोटें आई थीं।

सुश्री बनर्जी ने श्री मुर्मु का इलाज कर रही चिकित्सा टीम से बातचीत की और भाजपा नेता को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल से बाहर आने के बाद पत्रकारों से कहा, "मुझे सभी जानकारी मिल गई है। उनका (भाजपा सांसद) ब्लड शुगर बढ़ा हुआ है। इसे नियंत्रित करने की आवश्यकता है। मैंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।"मालदा (उत्तर) से दो बार लोकसभा सदस्य रहे श्री मुर्मु के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं हैं। हमलावरों ने उन्हें पहले कार में बैठने के लिए मजबूर किया। फिर कार में ईंटों और लाठियों से तोड़फोड़ की गई। उसका विंडशील्ड तोड़ दिया गया और उनका चेहरा फट गया। श्री मुर्मू के अलावा सिलीगुड़ी से भाजपा विधायक शंकर घोष पर भी हमला किया गया।

श्री मुर्मु का अब एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। उल्लेखनीय है कि सर्वश्री मुर्मु और घोष जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा में राहत सामग्री बांटने गए थे, तभी हिंसक भीड़ के एक बड़े समूह ने उन पर हमला कर दिया। भाजपा ने हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का हाथ बताया है।

इस हमले के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है। भाजपा ने जहां तृणमूल कांग्रेस पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा नेता प्राकृतिक आपदा का इस्तेमाल सच्ची मदद करने के बजाय तस्वीरें खिंचवाने के लिए कर रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि 'दादागिरी और गुंडागिरी' स्वीकार्य नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित