कोलकाता , दिसंबर 16 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया ।
उल्लेखनीय है कि श्री विश्वास ने फुटबॉलर लियोनेल मेसी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पिछले हफ्ते सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई तोड़फोड़ की स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हुए मंगलवार को ही अपना इस्तीफा सौंपा था।
श्री विश्वास को इस दुर्घटना के कारण विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। इस घटना की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने कोलकात्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश असीम कुमार रॉय की अध्यक्षता में जांच दल गठित किया है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने श्री विश्वास का अनुरोध स्वीकार करते हुए उन्हें खेल विभाग से मुक्त कर दिया। फिलहाल सुश्री बनर्जी खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी। इस बीच विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को श्री विश्वास के साथ-साथ अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस की गिरफ्तारी की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने स्टेडियम में हुई अराजकता के लिए दोनों को जिम्मेदार ठहराया।
शनिवार की घटना के दौरान, गैलरी से मैदान पर पानी की बोतलें फेंके जाने के बाद लियोनेल मेसी कथित तौर पर 15 मिनट के भीतर ही कार्यक्रम स्थल से चले गए थे।
श्री अधिकारी ने कहा कि विपक्ष को मुख्यमंत्री द्वारा गठित जाँच समिति या हिंसा की जाँच कर रहे भारतीय पुलिस सेवा के चार वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व वाली विशेष जांच दल (एसआईटी) पर कोई भरोसा नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित