कोलकाता , अप्रैल 15 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बंगाली नव वर्ष के अपने संदेश में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान के माध्यम से इसका जवाब देने का आह्वान किया।पोइला बैशाख पर जारी एक वीडियो संदेश में सुश्री बनर्जी ने बंगाल की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का उल्लेख करते हुए राज्य भर के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, " मैं हृदय की गहराइयों से राज्य के कोने-कोने के लोगों को बंगाली नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ। नये युग की यह नयी भोर आप सभी के जीवन को निष्कलंक बनाये। इस नये आह्वान में हर आत्मा पवित्रता से भर जाये।"बंगाल की एकता की परंपरा पर जोर देते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा, " जिस तरह हमारा बंगाल कला और संस्कृति का पालना है, उसी तरह यह सभी धर्मों के बीच सद्भाव का भी पालना है। "सुश्री बनर्जी ने लोगों से मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा, " आज इस शुभ दिन पर, आइए हम सामूहिक रूप से एक संकल्प लें- सभी संकीर्णताओं की दीवारों को तोड़कर, हम एकजुट होकर उभरेंगे।"मुख्यमंत्री ने हालांकि सद्भाव के अपने संदेश के साथ केंद्र पर कड़ा राजनीतिक हमला भी किया। सत्ता के दुरुपयोग और हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, " कुछ दुर्भावनापूर्ण ताकतें इस बंगाल को कलंकित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। दिल्ली के 'ठेकेदार' लोगों के वोट देने के अधिकार को हड़प रहे हैं। याद रखें, हमें उन्हें लोकतांत्रिक जवाब देना होगा।"मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सुश्री बनर्जी ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर भी चिंता जतायी और उन मामलों का जिक्र किया जहां कथित तौर पर नाम हटा दिये गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित