सिलीगुड़ी , अप्रैल 04 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम बेनज़ीर नूर पर निशाना साधते हुए उन्हें "विश्वासघाती" करार दिया और मतदाता सूची में हेरफेर को लेकर भी चिंता जतायी।

उन्होंने मालदा जिले के मालतीपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने बिना नाम लिए कहा कि "मालदा की एक लड़की" को राज्यसभा भेजकर राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाया, लेकिन वह हाल ही में पार्टी छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ऐसे "विश्वासघातियों" को वोट न दें। उन्होंने कहा कि उक्त नेता ने अपने पूरे राजनीतिक करियर में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन का लाभ उठाया और अब पार्टी के खिलाफ खड़ी हो गई हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने उसे अवसरवादी करार दिया और कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर वह पहले चुप रही, लेकिन अब सक्रिय हो गई है। उन्होंने सवाल किया कि जब कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है तो उसे वोट देने का क्या औचित्य है।

उन्होंने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यदि मतदाता ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करते हैं तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठेस पहुंचेगी, हालांकि सरकारी योजनाएं जारी रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में उनके दल के खिलाफ एकजुट होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि "विश्वासघात को माफ नहीं किया जाना चाहिए।"उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए इसे साजिश बताया और अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि संकट के समय वह नजर नहीं आते, जबकि चुनाव के दौरान सक्रिय हो जाते हैं।

उन्होंने भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और मतदाताओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया।

इस अवसर पर उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए 25 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने की घोषणा का उल्लेख किया और शिक्षकों को भी जल्द समान लाभ देने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित