कोलकाता , मार्च 17 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी और इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए 'लोकतांत्रिक एवं अहिंसक' चुनावी मुकाबले की चुनौती दी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया।
सुश्री बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की 294 में से 291 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में राज्य के बाहर से लोगों को लाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "राज्य में रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम किल्लत पैदा की गयी है। राजनीतिक लड़ाई होने दीजिए, लेकिन लोकतंत्र में हिंसा की जगह नहीं होनी चाहिए।"हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल की कड़ी आलोचना करते हुए उन्होंने दावा किया कि दबाव में राज्य के प्रमुख अधिकारियों को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा, "सभी अधिकारी बंगाल की सेवा करते हैं। वे जमीनी हकीकत जानते हैं। यह बंगाल की पहचान को बचाने की लड़ाई है।" उन्होंने कहा, "यह बंगाल के लोगों को रोक नहीं सकता। तमाम कोशिशों के बावजूद बंगाल के लोग ही जीतेंगे, दिल्ली नहीं।"मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जतायी और सवाल किया कि क्या अशांति भड़काने की कोशिशें की जा रही हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा जैसी जगहों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े व्यक्तियों को राज्य में लाया जा रहा है। उनका दावा है कि यह शांति भंग करने और चुनाव के दौरान पैसे बांटने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए सुश्री बनर्जी ने उन पर ऐसे बदलावों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया, जो चुनाव के माहौल को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों के तबादले के समय पर सवाल उठाया, विशेष रूप से ईद जैसे त्योहार से ठीक पहले और आरोप लगाया कि इन कदमों से पानी और बिजली जैसी आवश्यक सेवाओं सहित प्रशासनिक कामकाज में बाधा आ सकती है।
सुश्री बनर्जी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि 2026 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल 226 से अधिक सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने 'भाजपा का बहिष्कार करें, बंगाल के लिए वोट करें' का राजनीतिक आह्वान किया और इन कोशिशों को सूबे का अपमान करार देते हुए लोगों से मुंहतोड़ जवाब देने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित