कोलकाता , मार्च 06 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल के अधिकारियों को शुक्रवार को ईमेल एवं पत्र के माध्यम से बम की धमकी मिलने के बाद इस प्रतिष्ठित स्मारक पर तत्काल सुरक्षा कड़ी की गई।

यह धमकी उस समय मिली जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विक्टोरिया मेमोरियल से मात्र तीन किलोमीटर दूर एस्प्लेनेड में धरना प्रदर्शन कर रही थीं। सुश्री बनर्जी ने मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम कथित रूप से हटाने के विरोध में आज दोपहर को प्रदर्शन शुरू किया।

अधिकारियों ने कहा कि यह धमकी सोशल मीडिया पर भी जारी की गई थी। स्मारक स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन को सूचना दी जिसके बाद पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची।अलर्ट मिलने के बाद, पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी बम निरोधक एवं खोजी श्वान के साथ स्मारक की ओर बढ़ी तथा परिसर में और आसपास व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।

विरोध प्रदर्शन स्थल और स्मारक के बीच की निकटता को देखते हुए, धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों के बीच चिंताएं बढ़ा दी।

कोलकाता के मध्य में स्थित विक्टोरिया मेमोरियल शहर के सबसे प्रमुख स्थलों में से एक है और एक प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है, जो पूरे देश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसलिए इस धमकी से अधिकारियों और जनता के बीच चिंताएं उत्पन्न हुई।

पुलिस ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ईमेल और पत्र किसने भेजा है और इनके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

यह घटना देश में कई सरकारी संस्थानों, जिनमें जनरल पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र शामिल हैं, को धमकी भरे ईमेल मिलने के कुछ दिनों बाद हुई है, जिनमें दावा किया गया कि उन्हें उड़ाने के लिए आरडीएक्स विस्फोटक का उपयोग किया जाएगा।इन धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और दो दिनों के लिए सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं।

पिछले सप्ताह इसी प्रकार के एक घटनाक्रम में, गुजरात पुलिस ने उत्तर 24 परगना के गोपालनगर से सौरभ बिस्वास नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उस पर गुजरात के कई स्कूलों एवं अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल भेजने का आरोप है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिस्वास कथित रूप से लगभग दो साल पहले रिश्तेदारों के माध्यम से बंगलादेश से भारत आया था और शुरू में कोलकाता में रहता था और बाद में अपने गांव के घर में रहने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि वह घर से कंप्यूटर पर काम करता था हालांकि उन्हें उसकी कथित गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उस मामले की जांच अभी जारी है, ऐसे में विक्टोरिया मेमोरियल को निशाना बनाने की मिली नयी धमकी ने शहर में सुरक्षा संबंधी चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है। पुलिस ईमेल और पत्र के स्रोत की जांच कर रही है और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित