चंडीगढ़ , जून 28 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश के 140 करोड़ लोगों को जोड़ने का अनूठा मंच बन गया है।

श्री विज ने रविवार को अम्बाला छावनी स्थित बीपीसी जैन पब्लिक स्कूल में श्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचार, आधुनिक तकनीक के उपयोग और अनसुने नायकों के कार्यों को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया है। श्री विज ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की विरासत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी प्रधानमंत्री ने लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी नेता मनीष शिशोदिया के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में भी पेपर लीक और मंदिरों में चोरी जैसी घटनाएं हुई थीं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले की एसआईटी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित