रायपुर , जून 28 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी को नई दिशा दे रहा है।

मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ 'मन की बात' के 135वें संस्करण का श्रवण करने के बाद साय ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक कड़ी में देशभर के नवाचारों, प्रेरणादायी प्रयासों और जनसहभागिता के उदाहरणों को सामने लाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' में कई बार छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने बताया कि इस बार कार्यक्रम में आगामी गणेशोत्सव के दौरान मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का आह्वान किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर भी बल दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की महिलाओं द्वारा 'हरगिला आर्मी' के माध्यम से दुर्लभ पक्षी संरक्षण, नागालैंड की बेबी लीग और महिला फुटसाल लीग जैसी पहल, नालंदा विश्वविद्यालय और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन तथा डोमिनिकन रिपब्लिक में वैदिक साहित्य के अध्ययन जैसे प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख किया गया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट के नवाचारपूर्ण उपयोग को भी स्वच्छता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित