भागलपुर, मई 31 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में एक बार फिर भागलपुर के प्रसिद्ध जर्दालु आम का जिक्र कर इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। श्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के हापुस (अल्फांसो), गुजरात के केसर, उत्तर प्रदेश के दशहरी और लंगड़ा आम के साथ बिहार के जर्दालु, चौसा और मालदा आम का उल्लेख किया।

श्री मोदी ने कहा कि भारत में आम केवल एक फल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं, परंपराओं और यादों से जुड़ा हुआ है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उगने वाली आम की विभिन्न प्रजातियां अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय आम अब गांवों और बागानों से निकलकर वैश्विक बाजारों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' में जर्दालु आम का यह दूसरा उल्लेख है। इससे पहले भी वह इस खास आम की गुणवत्ता और लोकप्रियता का जिक्र कर चुके हैं। प्रधानमंत्री के बयान के बाद भागलपुर और आसपास के आम उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित