नयी दिल्ली , अगस्त 01 -- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को दिल्ली के भलस्वा डंपसाइट का निरीक्षण कर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ओर से चलाये जा रहे विरासत (लीगेसी) कचरा निस्तारण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को लैंडफिल स्थल पर प्रतिदिन पहुंचने वाले ताजा कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के लिए हाल ही में प्रदत्त कार्य को तेजी से पूरा किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ताजा कचरे के शीघ्र प्रसंस्करण से विरासत कचरे के निस्तारण की गति और तेज होगी तथा भविष्य में डंपसाइट पर कचरे का नया ढेर बनने से भी रोका जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली के भलस्वा डंपसाइट सहित देशभर में विरासत कचरे के समयबद्ध निस्तारण और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाये रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर भलस्वा डंपसाइट के व्यापक पुनर्वास कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि 31 जुलाई तक भलस्वा डंपसाइट पर 99.07 लाख टन विरासत कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा चुका है। शेष विरासत कचरे को 15 अक्टूबर तक पूरी तरह हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित