नयी दिल्ली , मार्च 01 -- केंद्रीय विद्युत एवं आवास तथा शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) के 25वें स्थापना दिवस पर 'लोगो' और मोबाइल ऐप के साथ आरसीओ पोर्टल लॉन्च किया है।
श्री खट्टर ने रविवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक समारोह में कहा कि "इलाज से बेहतर रोकथाम है" की तर्ज पर बीईई विद्युत क्षेत्र में एक निवारक संस्था की तरह कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि बचाई गई प्रत्येक बिजली इकाई अतिरिक्त उत्पादन की आवश्यकता और उत्सर्जन को कम करती है। उन्होंने भारत द्वारा 2005 के स्तर की तुलना में जीडीपी की उत्सर्जन तीव्रता में 36 प्रतिशत कमी और 2030 के लक्ष्य से पहले 52 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्थापित क्षमता हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने ऊर्जा दक्षता को भारत का "प्रथम ईंधन" बताते हुए कहा कि यह ऊर्जा सुरक्षा, वहनीयता और स्थिरता के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।
समारोह में नवीकरणीय ऊर्जा खपत दायित्व (आरसीओ), प्रदर्शन, उपलब्धि और व्यापार (पीएटी) योजना, कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग योजना (सीसीटीएस), कॉर्पोरेट औसत ईंधन दक्षता (सीएएफई), एडीईटीआई योजना, मानक एवं लेबलिंग (एस एंड एल) कार्यक्रम तथा ऊर्जा संरक्षण एवं सतत भवन संहिता (ईसीएसबीसी) जैसी प्रमुख पहलों की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर बीईई के 25 साल पूरा होने पर स्मारक लोगो का अनावरण किया गया, जो ऊर्जा दक्षता, स्थिरता और नवाचार के मूल सिद्धांतों को दर्शाता है।
समारोह में आरसीओ पोर्टल लॉन्च किया गया, जिससे निगरानी, अनुपालन और डेटा-आधारित निर्णय प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी। साथ ही सीएलएएसपी के सहयोग से विकसित बीईई स्टार लेबल मोबाइल ऐप भी जारी किया गया। इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन कर उपकरणों की ऊर्जा दक्षता और अनुपालन संबंधी जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे।
समारोह में बीईई के पूर्व महानिदेशकों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन एलायंस फॉर एन एनर्जी एफिशिएंट इकोनॉमी के अध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार ने किया। राज्य नामित एजेंसियों के सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित