जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ प्रेम चन्द बैरवा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि वर्तमान में मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र की 39 ग्राम पंचायतें बस सेवाओं से जुड़ी हुई हैं और शेष रही ग्राम पंचायतों को भी बस सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
डॉ. बैरवा प्रश्नकाल में विधायक गोविन्द प्रसाद के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर बसें चलाने के लिए निविदायें जारी की गई हैं। इससे भविष्य में मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र की शेष रही ग्राम पंचायतों को भी बस सेवाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मनोहरथाना के अकलेरा में भूमि की उपलब्धता के आधार पर बस स्टैंड निर्माण पर विचार किया जाएगा।
इससे पहले विधायक श्री प्रसाद के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि परिवर्तित बजट 2024-25 की घोषणा ''प्रदेश में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी यात्रियों की सुविधा के लिए लोक परिवहन सेवा प्रारम्भ की जायेगी'' के तहत राज्य के 357 ग्रामीण मार्गों पर रेवन्यू शेयरिंग मॉडल पर बस संचालन के लिए निगम द्वारा निविदाएं जारी की गयी हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना के ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन के लिए किसी भी संवेदक द्वारा भाग नहीं लिया गया, इस कारण आगार स्तर पर पुन: निविदा जारी की गयी है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं से जुडे हुए ग्राम पंचायतों की सूची सदन के पटल पर रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित