, March 24 -- टीवीएफ के संस्थापक अरुणाभ कुमार ने कहा कि वह खुद बिहार से हैं और बिहार को बखूबी समझते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रोडक्शन हाउस की बनी फिल्में कहीं न कहीं बिहार की संस्कृति से प्रभावित रही है, बिहार में फिल्मों और वेबसीरीज की शूटिंग करना अपनी माटी के कर्ज को लौटाने जैसा है। उन्होंने कहा, "बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के लोगों ने कला, साहित्य और फिल्मों में अपना उल्लेखनीय योगदान दिया है। वह बिहार को अपना अगला शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना चाहते हैं।"अरूणाभ कुमार ने अगली फिल्म 'शिव-शक्ति' सहित कई प्रोजेक्ट की शूटिंग बिहार में करने की योजना साझा की, जिसके लिए कलाकारों सहित मानव संसाधन की अपस्कीलिंग करने और उन्हें फिल्म में काम देने की बात कही। इससे फिल्म निर्माण की लागत में कमी आने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने टीवीएफ की लोकप्रिय वेबसीरीज 'पंचायत' का प्रीमियर बिहार में करने की इच्छा जताई है।
अरुणाभ ने कहा कि फिल्म निर्माण में एकेडमिक्स से ज्यादा प्रैक्टिकल नॉलेज जरूरी होता है। उन्होंने 'जॉब ऑन ट्रेनिंग' यानी फिल्म में काम करने के दौरान युवाओं को जरूरी प्रशिक्षण देने की बात कही है।
प्रणव कुमार ने कहा कि बिहार में फिल्म की शूटिंग के साथ ही युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़ी ट्रेनिंग मिलने से एक साथ प्रदेश को कई लाभ होगा। जहां प्रदेश में फिल्म की शूटिंग होने से नए रोजगार पैदा होंगे और पर्यटक स्थलों को वैश्विक पहचान मिलेगी, वहीं युवाओं को फिल्म उद्योग के लिए एक कुशल कामगार के तौर पर ट्रेनिंग भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग अन्य विभागों के साथ मिलकर काम करेगा। इसे लेकर जल्द ही ठोस योजना टीवीएफ के साथ बनाई जाएगी।
विजय कोशी ने कहा कि भारत के लोगों के साथ ही गैर-भारतीय हमारी वेबसीरीज को देख रहे हैं, बदलते और बढ़ते हुए भारत की प्रशंसा कर रहे हैं और हमारी संस्कृति से रू-ब-रू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम असली भारत को परदे पर दिखाने में यकीन रखते हैं, हमारे पास तीन हजार सालों की कहानी की समृद्ध विरासत है, इसलिए हमें पश्चिमी दुनिया से कहानी उधार लेने की जरूरत नहीं है, आने वाले समय में और भी जमीन से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां टीवीएफ की ओर से देखने को मिलेगी। उन्होंने सरकार से बिहार में शूट के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित