जम्मू , जुलाई 16 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कटरा के स्पिरिचुअल ग्रोथ सेंटर में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।

इस बैठक में पवित्र मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन की व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गयी। पवित्र मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान के प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थापित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यह समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले दान के संग्रह, उसकी गिनती, लेखा-जोखा, सुरक्षा और उसके सही उपयोग को लेकर बेहद बारीकी से चर्चा की गयी।

बैठक में एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बोर्ड द्वारा अपनायी जा रही मजबूत प्रणालियों की जानकारी दी गयी। इसके जरिए बताया गया कि दान पेटी, दान काउंटरों, ऑनलाइन माध्यमों और बहुमूल्य धातुओं के रूप में मिलने वाले चढ़ावे को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संभालने के लिए क्या पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। इस बैठक में बोर्ड को चढ़ावे के सत्यापन की प्रक्रियाओं, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, बैंकिंग सुरक्षा उपायों और समय-समय पर होने वाले ऑडिट के बारे में जानकारी दी गई। यह सभी सुरक्षा उपाय दान की प्रक्रिया के हर चरण पर नजर रखते हैं।

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चढ़ावे और दान से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन पूरी तरह से बैंकिंग नियमों, कानूनी प्रावधानों और भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किये जाते हैं।

बोर्ड ने सोने-चांदी जैसी बहुमूल्य धातुओं के रूप में मिलने वाले चढ़ावे को संभालने और सुरक्षित रखने के लिए अपनाये जा रहे कड़े सुरक्षा नियमों पर भी संतोष जताया। इन धातुओं के सुरक्षित परिवहन, प्रसंस्करण और शोधन का कार्य भारतीय रिजर्व बैंक और भारत सरकार की हैदराबाद स्थित टकसाल जैसे प्रतिष्ठित सरकारी संस्थानों के माध्यम से कराया जाता है।

गहन समीक्षा के बाद, बोर्ड ने वर्तमान व्यवस्थाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता पर पूरी संतुष्टि व्यक्त की। बोर्ड के सदस्यों ने इस बात की सराहना की कि श्रद्धालुओं द्वारा आस्था के साथ चढ़ाये गये दान को पूरी ईमानदारी, वित्तीय अनुशासन और जन विश्वास के उच्चतम मानकों के साथ प्रबंधित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित