मनेन्द्रगढ़ , मार्च 16 -- त्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिले के शासकीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ का रविवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन से आवश्यक जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला पीआरओ से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार,मंत्री जायसवाल ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। अवकाश के दिन होने के कारण ओपीडी बंद थी, इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद से अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में अनावश्यक रूप से आने वाले अवांछनीय तत्वों की रोकथाम के लिए सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की गई है। ये सुरक्षाकर्मी दो शिफ्टों में तैनात रहते हैं। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में जब यहां मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होगा, तब सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

डॉ. खरे ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। आपातकालीन सेवा 24 घंटे सक्रिय है और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का नियमित उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ में बेहतर सेवाएं देने का उत्साह बढ़ा है।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के साथ स्वप्निल तिवारी, मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित