मनेन्द्रगढ़ , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में सिटी कोतवाली परिसर के भीतर निर्माणाधीन पुलिस कंट्रोल रूम में बिजली के कथित अवैध उपयोग का मामला सामने आया है। विद्युत विभाग ने शिकायत के आधार पर परिसर में जांच कर पंचनामा तैयार किया है। विभाग के अनुसार, निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार द्वारा पिछले कई महीनों से बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

बिजली विभाग से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ स्थित सिटी कोतवाली परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक बिजली की आपूर्ति विद्युत खंभे पर कटिया लगाकर की जा रही थी। इसी अवैध कनेक्शन के माध्यम से निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली कटर मशीन संचालित की जा रही थी।

बताया गया है कि विद्युत विभाग को निर्माण स्थल पर बिजली के अनधिकृत उपयोग की शिकायतें पहले भी मिल चुकी थीं। शिकायतों के आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को नियमानुसार विद्युत कनेक्शन लेने की समझाइश दी थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य के लिए वैध कनेक्शन नहीं लिया गया।

लगातार शिकायतें मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीम ने सिटी कोतवाली परिसर में पहुंचकर जांच की। इस दौरान बिजली के खंभे से अवैध कनेक्शन लेकर मशीन संचालित किए जाने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

मनेन्द्रगढ़ जोन के असिस्टेंट इंजीनियर (एई) गुलाब बघेल ने बताया कि सिटी कोतवाली परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान बिजली के खंभे में कटिया लगाकर बिजली का अवैध उपयोग किए जाने की जानकारी मिली थी। निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली कटर मशीन इसी कनेक्शन से चलाई जा रही थी।

उन्होंने बताया कि यह सिलसिला पिछले कई महीनों से चल रहा था। जानकारी मिलने पर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और पंचनामा कार्रवाई की है। सोमवार को नियमानुसार जुर्माना लगाकर ठेकेदार से राशि वसूली जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित