मनेन्द्रगढ़ , अप्रैल 21 -- ) छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले में गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के जनकपुर पार्क परिक्षेत्र में महुआ बीनने गए एक दंपति पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें पति की मौत हो गई जबकि पत्नी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोहरा बीट के जंगल में महुआ बीनने गए प्रेमलाल (मृतक) और उनकी पत्नी पर हाथी ने हमला कर दिया, जिसके कारण प्रेमलाल की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, मृतक के परिजनों को प्रारंभिक मुआवजा राशि प्रदान की गई है।
हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराज़गी जताई है। उनका आरोप है कि इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद समय पर चेतावनी जारी नहीं की जाती और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए जाते। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले से सतर्क किया जाता, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
बताया जा रहा है कि बीते छह महीनों में हाथी के हमले से यह दूसरी मौत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए, समय-समय पर अलर्ट जारी किया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही मृतक परिवार को समुचित मुआवजा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित