मनेन्द्रगढ़ , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खिरकी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुसकर एक घर के अंदर जा बैठा। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह गांव गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, जहां से वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। तेंदुए के घर में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर 'रेस्क्यू ऑपरेशन' शुरू किया गया।

वन अमले ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर घर से बाहर निकाला। इस दौरान किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। तेदुए को काबू करने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया, हालांकि गांव में अब भी भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की सतत निगरानी और समय रहते सूचना उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि रेस्क्यू किए गए तेंदुए को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा और इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित