एमसीबी , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा दस अप्रैल को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

यह आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, मनेंद्रगढ़ में पूर्वाह्न 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा, जहां निजी क्षेत्र की कंपनी द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले में वेदांता स्किल स्कूल/लर्न स्किल लिमिटेड, कोरबा द्वारा कुल 180 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों में होटल मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, सिलाई मशीन ऑपरेटर और मोबाइल रिपेयरिंग टेक्नीशियन शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं पास तथा आईटीआई निर्धारित की गई है।

चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल होकर लाभ उठा सकें।

मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए रोजगार पोर्टल अथवा सीजी रोजगार पंजीयन मोबाइल ऐप के माध्यम से पूर्व पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है।

अभ्यर्थियों को मेले में उपस्थित होते समय अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। यह रोजगार मेला निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित