सूरजपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में हुई बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले में परिवहन विभाग की टीम ने यात्री बसों की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की।
आरटीओ अधिकारी की मौजूदगी में की गई जांच के दौरान यात्री बसों के पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा, फिटनेस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान दस्तावेजों और नियमों से संबंधित जांच के बाद 9 यात्री बसों पर कुल 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यात्री बसों की जांच और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई समय-समय पर की जाती है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी दिनों में भी बसों की जांच और चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित