उज्जैन , जनवरी 25 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मनुष्य जीवन हमें सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा देता है। हम जो सामाजिक कार्य करते हैं, परमात्मा हमें उसका शुभ फल देता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिव ज्ञान मोतीलाल नेत्र चिकित्सालय (एसजीएमएल) का भ्रमण कर तीसरी वर्षगाँठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस नेत्र चिकित्सालय का 3 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वामीनारायण संप्रदाय के उज्जैन प्रमुख आनंद महाराज, उपस्थित रहे। इस हॉस्पिटल के माध्यम से नागरिकों को आंखों के इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक भगवान के स्वरूप होते है।

उन्होंने कहा कि एसजीएमएल हॉस्पिटल भी आयुष्मान कार्ड और अन्य शासकीय योजनाओं की मदद से नागरिकों मोतियाबिंद और अन्य दृष्टि दोष में सुविधा प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की आयुष्मान निरामयाम योजना से देशवासियों को फायदा मिला है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा भी देश में सबसे पहले पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की सुविधा प्रदेशवासियों को प्रदान की है। यह सुविधा गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित