(शैलेश कुमार सिंह)पटना , नवंबर 07 -- दीपावली केवल दीया जलाने का रस्म नहीं, बल्कि उस विश्वास का उद्घोष है कि अंधेरा कितना भी घना हो, एक नन्हीं-सी लौ उसे चुनौती देने के लिए पर्याप्त है।
आँखों से दिखने वाले अंधेरे और उजाले से अलग जिंदगी की कालिमा बड़ी डरावनी होती है और यह दीपोत्सव इंसान को वर्ष में एक बार उसी अंधकार से बाहर निकलने और जीवन को नई रोशनी से भरने का अवसर देता है।
सदियों से दीपावली की यह यात्रा जारी है, जो बार-बार अंधेरे से उजाले की ओर रुख करने का संकल्प लेने वालों का मार्गदर्शन करती है। वास्तव में दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने, अपनी चेतना को जागृत करने और भीतर की नकारात्मकताओं पर विजय पाने का उत्सव है।
कार्तिक मास की अमावस्या की रात, जब आकाश में चंद्रमा का नामोनिशान नहीं होता, तब धरती पर असंख्य दीपक जगमगा उठते हैं। गली-गली में रंगोली के रंग बिखरते हैं, घरों की देहरी पर तोरण सजते हैं और वातावरण में मिठाइयों की सुगंध तैर जाती है। यही दीपावली है, भारतीय जनमानस का सबसे उजला और आत्मीय पर्व। 'दीप' और 'आवली' अर्थात दीपों की पंक्ति से बना यह नाम स्वयं ही इस उत्सव का सार कह देता है।
दीपावली की शुरुआत किसी एक तिथि या एक घटना में नहीं बांधी जा सकती। यह पर्व अनेक कथाओं, स्मृतियों और आस्थाओं की धाराओं से मिलकर बना एक विशाल संगम है। सबसे प्रचलित मान्यता भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के बाद रावण-वध करके अयोध्या लौटने की है। कहा जाता है कि अयोध्यावासियों ने अपने प्रिय राजा के स्वागत में नगर को दीपों से सजा दिया था। तभी से यह परंपरा हर वर्ष नई उमंग के साथ दोहराई जाती है।
दूसरी कथा समुद्र-मंथन से जुड़ी है, जिसके अनुसार कार्तिक अमावस्या को क्षीरसागर से देवी लक्ष्मी प्रकट हुईं और उन्होंने भगवान विष्णु को वरण किया। इसी कारण इस रात धन, समृद्धि और सौभाग्य की देवी की आराधना होती है। एक अन्य प्रसंग में श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध का उल्लेख मिलता है, जिसकी स्मृति में नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। वहीं वामन अवतार की कथा में राजा बलि की दानशीलता और उनके पाताल-गमन का स्मरण भी इसी पर्व से जुड़ा है। पांडवों के अज्ञातवास की समाप्ति और उनके हस्तिनापुर लौटने की लोकस्मृति भी कई अंचलों में दीपावली के साथ गुँथी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित