गुरुग्राम, 18 (वार्ता) पंजाब के उद्याेग मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉड्रिंग मामले में यहां की एक अदालत ने सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई एक जून को होगी।
न्यायालय में पेशी के दौरान श्री अरोड़ा भावुक नजर आये। परिवार से मुलाकात के दौरान उन्होंने पुत्री कृतिका अरोड़ा को गले लगाया और रो पड़े। इस दौरान पुत्री की आंखों में भी आंसू आ गये। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर श्री अरोड़ा के समर्थन में एक पोस्ट में लिखा कि वह बहादुर और देशभक्त हैं तथा पूरे पंजाब को उन पर गर्व है।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नौ मई को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में श्री अरोड़ा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने पहले सात दिन और फिर दो दिन की रिमांड हासिल की थी।
इधर, गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देने वाली श्री अरोड़ा की याचिका पर सोमवार को पंजाब एंड हरयाणा उच्च न्यायालय में भी सुनवाई होनी है, जहां ईडी अपना जवाब दाखिल करेगी।
मामले की जांच अब अफसरशाही तक पहुंचती दिखाई दे रही है। ईडी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बसंत गर्ग समेत तीन अधिकारियों को तलब किया है। वहीं, ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के चीफ संदीप कुमार दस्तावेजों के साथ जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश हो चुके हैं। श्री अरोड़ा के दो कारोबारी साझेदारों को भी दिल्ली तलब किया गया है।
ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत गमाडा से न्यू चंडीगढ़ के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़े रिकॉर्ड मांगे हैं। इसी सिलसिले में आठ और नौ मई को कई नामी बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी भी की गयी थी।
इसके अलावा, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बसंत गर्ग, निदेशक (वाणिज्यिक) हरशरण कौर नेहन तथा कारोबारी साझेदार हेमंत सूद और चंद्रशेखर को भी ईडी ने पूछताछ के लिए तलब किया है।
ईडी ने गुरुग्राम न्यायालय में पेश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित