चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मनीमाजरा में वाहनों की पासिंग का काम पिछले करीब 10 दिनों से प्रभावित है। वाहन मालिकों का आरोप है कि वाहन निरीक्षण के लिए आने वाले निरीक्षक नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण वाहनों की पासिंग नहीं हो पा रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पासिंग का काम प्रभावित होने से खासकर कमर्शियल वाहन चालकों और मालिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोग अपने वाहनों की फिटनेस और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन निरीक्षक के उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका काम लंबित है।
वाहन मालिकों का कहना है कि पासिंग में देरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। कई लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं और वाहनों के संचालन को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निरीक्षक की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित कर जल्द से जल्द लंबित वाहनों की पासिंग शुरू कराई जाए। उनका कहना है कि पिछले 10 दिनों से वे लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। प्रशासन को मामले में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित