चंडीगढ़ , नवंबर 27 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र में लंबे समय से मकानों को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने में देरी और नये स्थायी पानी कनेक्शन न मिलने से स्थानीय निवासियों में भारी नाराज़गी है।

लोगों का कहना है कि वे लगातार नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने मनीमाजरा स्थित नगर निगम उप-कार्यालय का घेराव किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े बुनियादी मसलों पर नगर निगम का उदासीन रवैया असहनीय होता जा रहा है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों ने निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, " नगर निगम का तानाशाही रवैया लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डाल रहा है। बिना किसी उचित कारण के एनओसी और पानी के कनेक्शन रोकना जनता के अधिकारों का हनन है। "कांग्रेस अध्यक्ष लकी ने कहा कि मनीमाजरा के लोग महीनों से इस समस्या से जूझ रहे हैं और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि जब तक समाधान नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित