तिरुवनंतपुरम, दो मई (वार्ता) वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने राज्य सरकार पर मनियार जलविद्युत परियोजना के अधिग्रहण की प्रक्रिया को रोकने के कदम के पीछे एक "छिपा हुए एजेंडा" होने का आरोप लगाया है।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री पी. राजीव के आग्रह पर कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि 'कार्बोरंडम यूनिवर्सल लिमिटेड' से परियोजना का नियंत्रण लेने के लिए केरल राज्य बिजली बोर्ड की कार्यवाही को रोक दिया जाए। अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले पतनमथिट्टा जिलाधिकारी और केएसईबी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की देखरेख में शुरू की गई थी।

श्री चेन्निथला ने आरोप लगाया कि अधिग्रहण को रोकने का निर्णय भ्रष्टाचार की गंभीर चिंताएं पैदा करता है और प्रभावी रूप से उस निजी कंपनी का समर्थन करता है जिसके कर्मचारियों ने हाल ही में केएसईबी अधिकारियों को संयंत्र में प्रवेश करने से रोक दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा सत्ता में आता है, तो परियोजना को वापस लेने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित