रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के मुंगेली और बिलासपुर जिलों में सड़क संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए मनियारी नदी और डोंगानाला पर दो उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने दोनों पुलों और उनके पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निर्माण कार्यों के आदेश आज जारी किए हैं।
मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। नए पुल के निर्माण से बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
इसी तरह बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित