धार , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश सरकार के बजट में मनावर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के प्रयासों से पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं पर कुल लगभग 25 करोड़ 46 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे।

डॉ. अलावा ने बताया कि स्वीकृत पांच सड़कों में उमरबन ब्लॉक की तीन और मनावर ब्लॉक की दो सड़कें शामिल हैं। इनकी कुल लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है। उन्होंने बताया कि भिकन्याखेड़ी मुख्य मार्ग से खेड़ापुरा होते हुए डॉगल्यापुरा कुवाड़ तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 9 करोड़ 45 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। अजन्दा बड़दा मार्ग (4.5 किलोमीटर) के लिए 5 करोड़ 85 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा सुलीबंयडी पटेलपुरा कुवाड़ मार्ग (5 किलोमीटर) के लिए 1 करोड़ 81 लाख रुपए, रणगांव मेन रोड से भट्टियापूरा होते हुए धनखेड़ी फाटा तक 2.70 किलोमीटर डामरीकरण मार्ग के लिए 5 करोड़ रुपए तथा जलखेड़ा से मिर्जापुर तलाईपुरा तक 2.50 किलोमीटर मार्ग के लिए 4 करोड़ 75 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक ने कहा कि इन सड़कों की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। सड़कों के निर्माण से किसान सीधे पक्के मार्गों से जुड़ सकेंगे, दूरी कम होगी और समय तथा ईंधन की बचत होगी। साथ ही ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने स्वीकृति के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित