धार , मई 4 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मनावर से लगभग 5 किलोमीटर दूर चिकली-गंधवानी मार्ग पर सोमवार सुबह मुख्य मार्ग से करीब 100 फीट दूर खेत में युवक का शव पड़ा मिला। खेत मालिक गुलाबसिंह सोलंकी के खेत में शव देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनावर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध वस्तु या सुराग की तलाश में सघन जांच अभियान चलाया।
शव की पहचान के लिए तलाशी लेने पर मृतक के पास से मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसमें उसका नाम जामु सोलंकी निवासी ग्राम सयादी, तहसील गंधवानी दर्ज था। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित