नयी दिल्ली , अगस्त 29 -- देश ने आज महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के उपलक्ष्य में 'राष्ट्रीय खेल दिवस' मनाया। भारतीय खेलों में उनका योगदान हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

नई दिल्ली में, इंडिया गेट स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एक विशेष खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे।

इस साल, समारोह का मुख्य केंद्र देशव्यापी 'एक घंटा खेल के मैदान में' पहल थी। इसका मकसद नागरिकों, खासकर युवाओं को खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए कम से कम एक घंटा समर्पित करने के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रियों द्वारा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सुबह 8:00 बजे से ही सैकड़ों प्रतिभागियों ने समारोह में हिस्सा लिया और विभिन्न खेल व फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। इस मौके पर बोलते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि देशव्यापी 'एक घंटा खेल के मैदान में' पहल का मकसद 'फिट इंडिया मूवमेंट' को मज़बूत करना और लोगों को खेल को अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा, "मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती, जिसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर 'फिट इंडिया मूवमेंट' को बढ़ावा देने के लिए देशव्यापी 'एक घंटा खेल के मैदान में' कार्यक्रम आयोजित किया गया है।"डॉ. मंडाविया ने कहा, "देश भर में लाखों युवा हर गली और हर मैदान में एक घंटा खेलने के लिए सक्रिय रूप से आगे आ रहे हैं। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मोदी जी के नेतृत्व में देश बदल रहा है, देश आगे बढ़ रहा है और एक नया भारत बन रहा है।" उन्होंने कहा, "नए भारत के निर्माण के मोदी जी के विज़न को पूरा करने के लिए, हमें यह भी सोचना होगा कि हर कोई फिट हो और समाज स्वस्थ रहे। यही हमें एक समृद्ध राष्ट्र बनने में मदद करेगा। आइए, हम सब हर हफ़्ते एक घंटा खेल के मैदान में बिताएं और अपनी सेहत पर ध्यान दें।"श्री अर्जुन राम मेघवाल ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर देशवासियों को बधाई दी और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर ज़ोर दिया।

भागीदारी, टीम वर्क और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट, फ़ुटबॉल और रस्साकशी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

क्रिकेट प्रतियोगिता में चार टीमें शामिल थीं - मिनिस्ट्री XI, साई XI, मीडिया XI और इन्फ्लुएंसर्स XI। डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व वाली मिनिस्ट्री XI टीम-जिसमें खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव और मंत्रालय के अधिकारी शामिल थे-ने शुरुआती क्रिकेट मैच में मीडिया XI पर शानदार जीत हासिल की। इन्फ्लुएंसर्स XI टीम में जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 'फिट इंडिया एंबेसडर' शामिल थे।

मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने देश भर में खेल, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया, साथ ही मेजर ध्यानचंद की महान विरासत को श्रद्धांजलि भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित