रायपुर , दिसंबर 22 -- ) छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (मनरेगा) अधिनियम के नाम में बदलाव को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों को 100 से 150 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, तो इसमें कांग्रेस को आपत्ति क्यों हो रही है। गांवों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और लोग स्वयं इस परिवर्तन के लिए तैयार हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महात्मा गांधी के विचारों के अधिक करीब है। केवल बयानबाज़ी से राजनीति नहीं चलती, जनता के बीच जाकर काम करना पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आगामी चुनाव में हार के बाद कांग्रेस फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल खड़े करेगी।

पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों से मुलाकात को लेकर श्री शर्मा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर इंतजार सूची को बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा। रविवार को अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनी गई हैं और समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

शक्ति जिले के युवक की केरल में हुई मौत के मामले में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि उठाई गई मांगें उचित हैं लेकिन इस दिशा में प्रक्रिया पहले से ही जारी है। उन्होंने कहा कि इस घटना से यह समझना चाहिए कि घुसपैठ को लेकर आम जनता में कितना आक्रोश है। उन्हाेंने कहा कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में पहली बार ड्रोन के माध्यम से पेट्रोलिंग की शुरुआत की जाएगी। श्री शर्मा ने बताया कि आधुनिक तकनीक के जरिए पुलिस निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

रायपुर में नशे से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो महीनों में पुलिस की कार्रवाई में तेजी आई है। पुलिस एंड-टू-एंड जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को चिह्नित किया जा रहा है। दोषियों तक जल्द पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित