चंडीगढ़ , फरवरी 20 -- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में किये गये बदलावों को लेकर हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह की अगुवाई में पार्टी 25 फरवरी को हरियाणा विधानसभा का घेराव करेगी।

श्री सिंह ने कहा कि यह घेराव केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उस साजिश के खिलाफ है, जिसके तहत मनरेगा को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने इसे 'मनरेगा बचाओ संग्राम' का निर्णायक चरण बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और जिला अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण श्रमिकों को समय पर काम और भुगतान नहीं मिल रहा है। महीनों की देरी और प्रशासनिक उदासीनता से लाखों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, मजदूरों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 फरवरी का विधानसभा घेराव पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से होगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता और मनरेगा श्रमिक भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित