खन्ना/पायल , जुलाई 20 -- पंजाब यूथ कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि मनरेगा मजदूरों के समर्थन में प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए राज्य सरकार ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा सुभी तथा अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और कई पदाधिकारियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया।
यूथ कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस बयान के अनुसार श्री सुभी को खन्ना जाते समय पायल में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, संगठन का आरोप है कि खन्ना यूथ कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया, ताकि वे खन्ना सिटी सेंटर में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।
यूथ कांग्रेस के अनुसार यह प्रदर्शन उन मनरेगा मजदूरों के समर्थन में आयोजित किया गया था, जो लंबे समय से बकाया मजदूरी जारी करने की मांग कर रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध के आवास के निकट प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।
श्री सुभी ने कहा कि यदि गरीबों और मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना अपराध है तो उनका संगठन यह "अपराध" बार-बार करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाने के लिए सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां, नजरबंदी और बैरिकेड उनके संगठन की आवाज को दबा नहीं सकते और मनरेगा मजदूरों को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
संगठन ने खन्ना यूथ कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों की नजरबंदी तत्काल समाप्त करने , हिरासत में लिए गए नेताओं को बिना शर्त रिहा करने , मनरेगा मजदूरों के लंबित भुगतान तुरंत जारी करने तथा प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित