रामगढ़ , अगस्त 05 -- झारखंड में रामगढ़ जिला महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रभावी क्रियान्वयन में वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की राज्य स्तरीय समीक्षा में मनरेगा के विभिन्न मॉड्यूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रामगढ़ को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में मिले 25.34 लाख मानव दिवस सृजन के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया। रोजगार उपलब्ध कराने के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए कुल रोजगार का 53 प्रतिशत महिलाओं को उपलब्ध कराया गया।
टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के तहत बिरसा सिंचाई कूप योजना में 2021 कूपों का निर्माण पूरा किया गया, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली। वहीं मनरेगा मजदूरों की ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया गया तथा नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराने में भी जिला राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल रहा।
रोजगार सृजन के क्षेत्र में जिले ने 2529 लाभुकों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया। सर्वाधिक प्रतिशत श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने में रामगढ़ राज्य में प्रथम रहा। इसके अलावा कार्य पूर्ण होने के 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध भुगतान में भी शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई।
मनरेगा का अभिसरण प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना और अंबेडकर आवास योजना के साथ करते हुए पात्र लाभुकों को कार्य आवंटित किया गया, जिससे आवास निर्माण में तेजी आई। वहीं बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में अब तक करीब 4.5 हजार एकड़ क्षेत्र में आम की बागवानी विकसित की गई है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा मिला है।
इसी योजना के सकारात्मक परिणामस्वरूप रामगढ़ जिले से लगभग छह टन आम का विदेशों में निर्यात भी हुआ, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने मनरेगा से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों, तकनीकी पदाधिकारियों, रोजगार सेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों और श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम के समर्पण, बेहतर योजना निर्माण और समयबद्ध क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी रामगढ़ जिला उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखते हुए राज्य के लिए आदर्श मॉडल बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित