नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की 94वीं जयंती पर 'डॉ. मनमोहन सिंह फेलोज प्रोग्राम' के दूसरे बैच में 100 पेशेवरों को शामिल करने की घोषणा की।

प्रोफेशनल कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती तथा नवनियुक्त अध्यक्ष मधु यक्षी गौड़ ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे बैच में फेलो की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 की गई है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम 'फ्रॉम प्रोफेशनल एक्सीलेंस टू पॉलिटिकल इम्पैक्ट' रखी गई है।

श्री चक्रवर्ती ने कहा कि यह कार्यक्रम डॉ. मनमोहन सिंह की विरासत को आगे बढ़ाने वाली पहल है और इसका उद्देश्य ऐसे पेशेवरों को सार्वजनिक जीवन में आने का रास्ता देना है जो देश के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले बैच में 17 राज्यों के 50 पेशेवर शामिल हुए थे, जिनमें एक-तिहाई महिलाएं थीं। ये फेलो बैंकिंग, शिक्षण, सूचना प्रौद्योगिकी और चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों से थे।

उन्होंने कहा कि पहले बैच के करीब 56 प्रतिशत फेलो अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक समुदायों से थे। श्री चक्रवर्ती ने कहा कि कार्यक्रम पेशेवरों को राजनीति, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करने का अवसर देता है।

श्री मधु यक्षी गौड़ ने कहा कि दूसरे बैच में भी प्रतिभाशाली पेशेवर राजनीति, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे पेशेवरों को अवसर दे रही है जो बदलाव का हिस्सा बनना और समावेशी भारत के निर्माण में योगदान देना चाहते हैं। उनका कहना था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर इस वर्ष फेलो की संख्या बढ़ाकर 100 की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित