कोलंबो , जुलाई 19 -- भारत के पूर्व अंडर 19 खिलाड़ी मनजोत कालरा को कोलंबो की मजिस्ट्रेट अदालत ने 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। श्रीलंका पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। उन्हें 16 जुलाई को 2026 लंका प्रीमियर लीग (LPL) सीज़न से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ़्तार किया गया था।

कालरा उद्यमी मयंक गोयल के साथ जाफ़ना किंग्स फ्रेंचाइज़ी के सह-मालिक हैं। उनको 17 जुलाई को अदालत में पेश किया गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार अदालत को बताया गया कि कालरा ने एलपीएल 2026 में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों - भानुका राजपक्षे और श्रीलंका के राष्ट्रीय खिलाड़ी दुनित वेल्लालगे तथा अविष्का फ़र्नांडो से संपर्क किया था। ये तीनों खिलाड़ी जाफ़ना किंग्स का हिस्सा हैं। जांचकर्ताओं ने अदालत को बताया कि कालरा ने मैचों के नतीजों को प्रभावित करने के लिए खिलाड़ियों को लगभग 29 लाख रूपए की पेशकश की थी। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इस मामले से जुड़े फ़ोन कॉल की रिकॉर्डिंग और वीडियो सबूत भी मौजूद हैं।

बताया गया कि शुरुआती संपर्क के बाद खिलाड़ियों ने खेल से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशंस यूनिट (एसयूआई) से संपर्क किया। इसके बाद एसयूआई के निर्देश पर खिलाड़ियों ने 1.15 करोड़ श्रीलंकाई रुपये के भुगतान पर बातचीत की, जिसमें 95 लाख श्रीलंकाई रुपये अग्रिम के रूप में तय किए गए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जब एक अज्ञात व्यक्ति तय स्थान पर अग्रिम राशि से भरा बैग लेकर पहुंचा, तब उसे और कालरा दोनों को गिरफ़्तार कर लिया गया।

बचाव पक्ष के वकील ने सभी आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि कालरा द्वारा रिश्वत की पेशकश करने या भुगतान करने का कोई सबूत नहीं है। उन्होंने ज़मानत की मांग की, लेकिन मुख्य मजिस्ट्रेट ने यह कहते हुए याचिका ख़ारिज कर दी कि इससे जांच प्रभावित हो सकती है।

कालरा की ओर से जारी बयान में उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह "चल रही जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि तथ्य उनकी बेगुनाही साबित करेंगे।"बयान में कहा गया, "भारत का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान मिलने के कारण कालरा अच्छी तरह समझते हैं कि भारतीय खेल से जुड़े लोगों से किस तरह की ज़िम्मेदारी और ईमानदारी की अपेक्षा की जाती है। अपने पूरे करियर में उन्होंने हमेशा इन्हीं मूल्यों का पालन किया है।

"कालरा ने लीग में अल्पांश शेयरधारक के रूप में पूरी निष्ठा और सद्भावना के साथ निवेश किया था। उनके जुड़ने से पहले लीग ने सभी आवश्यक पृष्ठभूमि जांच और ड्यू डिलिजेंस पूरी की थी, जिसमें उनकी साफ़-सुथरी छवि की पुष्टि हुई थी।

"चूंकि मामला फ़िलहाल जांच के अधीन है। इसलिए कालरा आगे भी अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे और इस समय कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्हें पूरा विश्वास है कि अंततः सच सामने आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित