मुंबई , जून 23 -- मध्य रेलवे के मुंबई मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई मंडल ने पहली बार डबल स्टैक कंटेनर रेक को लोड किया है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी समर्पित माल-ढुलाई गलियारा (डीएफसीसी) के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) से सम्पर्क शुरू होने के बाद मुंबई मंडल द्वारा पहली बार शनिवार को डबल स्टैक कंटेनर रेक को लोड किया गया। यह रेक जेएनपीटी से संजन गति शक्ति मल्टी-मॉडल टर्मिनल के लिए रवाना की गयी।
उन्होंने बताया कि 45 बीएलसीएम ए/बी वैगनों (बोगी लो प्लेटफॉर्म कंटेनर मॉडिफाइड फ्लैट वैगन) वाली इस रेक को गत शनिवार को लोड किया गया तथा इसे रविवार को जेएनपीटी से रवाना किया गया। इस रेक में कुल 180 ट्वेंटी-फ़ीट इक्विवेलेंट यूनिट (टीईयू) कंटेनर लोड किए गए, जिनका कुल भार 2,544.07 टन था। इस रेक ने पश्चिमी डीएफसीसी मार्ग से 232 किलोमीटर की दूरी तय की ।
उन्होंने बताया कि जेएनपीटी से पश्चिमी डीएफसीसी के माध्यम से डबल स्टैक कंटेनर परिचालन की शुरुआत के साथ ही गत शनिवार को दो अन्य डबल स्टैक कंटेनर रेक भी लोड की गयीं। इनमें से एक जेएनपीटी से दिल्ली मंडल के गढ़ी हरसरू, (जीडीजीए) और दूसरी रेक जेएनपीटी से वडोदरा मंडल के छोटा उदयपुर (सीजीएमवी) के लिए लोड की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित