भोपाल , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तीसरे दिन सभी जिलों में 1100 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से दो लाख 70 हजार से अधिक नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार यह अभियान अब केवल पुलिस तक सीमित न रहकर जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसमें सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

अभियान के तहत स्कूलों, महाविद्यालयों और छात्रावासों में लघु फिल्मों, रील्स और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। विभिन्न कार्यक्रमों में सामूहिक नशामुक्ति शपथ दिलाई गई तथा ऑनलाइन प्लेज के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

प्रदेशभर में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों और हाट-बाजारों में जनसंवाद, नुक्कड़ नाटक, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई जिलों में कचरा वाहनों के पीए सिस्टम, शहरों की एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में कई नवाचार भी देखने को मिले। इंदौर में लगभग 1.75 लाख लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया गया। यहां जागरूकता रथ को रवाना किया गया, 'नार्को हेल्पलाइन' की शुरुआत हुई तथा डीसीपी क्राइम द्वारा गाया गया जागरूकता गीत "भैया, नशे से दूरी है ज़रूरी..." लॉन्च किया गया।

बालाघाट में मैराथन रैली आयोजित कर 'नशा मुक्ति ऐप' के माध्यम से 430 'नशा मुक्ति मित्र' बनाए गए तथा लगभग 26 हजार युवाओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। बुरहानपुर में 26 हजार से अधिक लोगों को जागरूक किया गया, जबकि ग्वालियर के 45 थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता रथों के माध्यम से 17 हजार से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया गया।

छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को अभियान आधारित टी-शर्ट, कैप, रिस्ट बैंड और बैज वितरित किए गए तथा नगर निगम के सफाई वाहनों से ऑडियो संदेश प्रसारित किए गए। कटनी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया, जबकि धार में युवाओं के लिए सेल्फी प्वाइंट स्थापित कर सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का प्रचार किया गया।

इसके अलावा जबलपुर में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन जांच और चालानी कार्रवाई की गई। बैतूल में 'रन फॉर ड्रग फ्री इंडिया' का आयोजन हुआ, खरगोन में नशामुक्ति रैली निकाली गई और पन्ना में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशाल जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़कर अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' को जन-जन का आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित