नयी दिल्ली , जून 03 -- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-347बी के हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी खंड के उन्नयन तथा देशगांव-जुलवानिया खंड के चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। परियोजना को हाइब्रिड एन्यूटी मोड (एचएएम) के तहत क्रियान्वित किया जाएगा।
बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं को बताया कि लगभग 3,399 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों में सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और यातायात को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत हिवरखेड़ी-रोशनी तथा आशापुर-रुधी खंड को सर्विस लेन के साथ दो लेन को विकसित किया जाएगा, जबकि देशगांव-जुलवानिया खंड का चार लेन में चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा खरगोन जिले में लगभग 16 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित