भोपाल , मार्च 2 -- जीतू पटवारी के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में कटनी शहर, श्योपुर, जबलपुर ग्रामीण एवं बड़वानी जिलों में जिला कार्यकारिणी का गठन किया है। साथ ही 57 विधानसभा क्षेत्रों में मंडलम अध्यक्ष एवं 88 नगर अध्यक्षों की नियुक्तियां घोषित की गई हैं।
संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत यह नियुक्तियां पारदर्शिता और संगठनात्मक मानकों के अनुरूप की गई हैं। उनका उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक मंडलम एवं नगर स्तर पर सक्रिय, समर्पित एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूती प्रदान करना है। नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और प्रदेश कांग्रेस के कार्यक्रमों को गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड तक पहुंचाएं। डॉ. कामले ने विश्वास व्यक्त किया कि इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा प्रदेश में पार्टी के जनाधार विस्तार की रणनीति को मजबूती प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित