भोपाल , मई 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 27वीं बैठक वर्ष 2027 में उज्जैन में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बस्तर में आयोजित 26वीं बैठक में इसके लिए सहमति दे दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पूर्व मंत्रीगण को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद् की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों तथा नागरिक एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का भी मुआयना करेंगे।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नक्सल मुक्त हो चुका है और बस्तर में परिषद् की बैठक आयोजित कर देश को नक्सलवाद की समाप्ति का संदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव सहित कई अधिकारियों को सम्मानित किया है।
मुख्यमंत्री ने धार की भोजशाला को लेकर उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा को विदेश से स्वदेश लाने के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय करेगी।
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें विदेशों में मिल रहा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पूरे देश का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने धान, ज्वार, बाजरा, कपास, तिल और सोयाबीन सहित विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को नई सौगात दी है।
उन्होंने हाल ही में आयोजित इंडो-फ्रांस कॉन्क्लेव को सफल बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार फ्रांस के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगी। सम्मेलन में फ्रांस के राजदूत थियरी माथू सहित अनेक भारतीय और फ्रांसीसी उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के अधीन निगम, मंडल, बोर्ड और आयोगों में नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए पहली बार प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें उन्हें प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित