श्रीनगर , जनवरी 13 -- मध्य कश्मीर के पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को गंदेरबल जिले में संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मध्य कश्मीर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी राजीव ओमप्रकाश पांडे और सेना की 3 सेक्टर के कमांडर हेमंत सिंह पंवार ने की। बैठक में सीआरपीएफ के डीआईजी सुधीर कुमार, एसएसपी श्रीनगर डॉ. जी.वी. सुंदीप चक्रवर्ती, एसएसपी गांदरबल खलील अहमद पोस्वाल, एसपी कार्गो श्रीनगर तनवीर अहमद, सहित सेना, खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक के दौरान वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें विशेष रूप से पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर जोर दिया गया। खराब मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर भी विचार किया गया।पर्यटकों में विश्वास बहाली और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में गणतंत्र दिवस से पहले की सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसके तहत सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने और बलों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने उच्च सतर्कता बनाए रखने, सक्रिय खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और किसी भी उभरती चुनौती से निपटने के लिए समन्वित प्रतिक्रिया पर जोर दिया, ताकि शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "आम जनता से अनुरोध है कि वे अपनी सुरक्षा के हित में सुरक्षा बलों का सहयोग करें और शांति एवं सौहार्द को भंग करने वाली किसी भी राष्ट्र-विरोधी गतिविधि या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।"यह सुरक्षा समीक्षा ऐसे समय में हुई है जब घाटी में पर्यटकों की आवाजाही में फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। अप्रैल में पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद पर्यटन गतिविधियों में भारी गिरावट आई थी। उस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी। हमले के बाद सुरक्षा कारणों से कश्मीर के लगभग 50 पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, जिनमें से कई को अब दोबारा खोल दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित