बांगुई , अगस्त 20 -- कैमरून सीमा के पास पश्चिमी मध्य अफ्रीकी गणराज्य (सीएआर) के जाम्बोई में सोने की खदान के क्षेत्र में भूस्खलन से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है। बीबीसी ने एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी।
कैमरून के सीमावर्ती शहर गरुआ-बुलई के मेयर अदामो अब्दोन ने बताया कि हादसा मंगलवार दोपहर हुआ। राहत और बचाव अभियान जारी है तथा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। श्री अब्दोन ने कहा कि अब तक मलबे से 107 शव निकाले जा चुके हैं और अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। हादसे के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है।
कैमरून के पूर्वी क्षेत्र के गवर्नर ग्रेगोयर म्वोंगो ने सरकारी मीडिया को बताया कि मृतकों में कम से कम तीन कैमरून के नागरिक हैं। उनके शव अंतिम संस्कार के लिए स्वदेश भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बोई में घायल हुए लोगों के उपचार की भी व्यवस्था की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित