पटना, जुलाई 19 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मधेपुरा जिले के गम्हरिया स्थित एक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) में छिपकली की पूंछ मिलने तथा कुछ बच्चों के बीमार होने की घटना के बाद कहा कि उनके विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ।

श्री तिवारी के निर्देश पर इस घटना के बाद मधेपुरा के जिलाधिकारी(डीएम) ने रविवार को घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मामले की तत्काल जांच करा कर विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीईओ, मिड डे मील के डीपीओ, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, रसोइया, साधनसेवी सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए हैं।

श्री तिवारी ने मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक से भी इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी विद्यालय में इस प्रकार की घटना दोबारा सामने आती है, तो दोषी व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित