भोपाल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के दो वर्षीय कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और संसदीय परंपराओं को रेखांकित करने वाली पुस्तक 'विधान से जनकल्याण-16वीं विधानसभा कार्यकाल के 2 वर्ष' का मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की उपस्थिति में विमोचन किया गया।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार पुस्तक का विमोचन पंचम विधानसभा के सदस्य एवं पूर्व मंत्री तथा पूर्व विधायक मंडल के अध्यक्ष जसवंत सिंह और नवम विधानसभा के सदस्य एवं पूर्व विधायक परिषद के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक अरुण भीमावद, विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
पुस्तक में 16वीं विधानसभा के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए प्रमुख नवाचारों और उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश की पहली विधानसभा की प्रथम बैठक की 70वीं वर्षगांठ पर विशेष सत्र का आयोजन, नारी शक्ति वंदन विषयक विशेष सत्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा के युवा विधायकों का सम्मेलन, विधानसभा सचिवालय के वेल ऑफ द हाउस अधिकारियों के लिए विशेष गणवेश की व्यवस्था तथा दिवंगत विधानसभा अध्यक्षों एवं मुख्यमंत्रियों की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण कदम शामिल हैं।
पुस्तक में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा प्रारंभ की गई संसदीय कार्यप्रणाली से जुड़ी नई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया गया है। इनमें 'सत्र समाप्त तो प्रश्न नहीं होंगे समाप्त' की व्यवस्था, प्रथम बार निर्वाचित सदस्यों को अधिक अवसर उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक मंगलवार को केवल महिला एवं प्रथम बार निर्वाचित विधायकों के प्रश्न लिए जाने जैसी पहल को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।
प्रकाशन में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा सदन में दिए गए महत्वपूर्ण वक्तव्यों एवं व्यवस्थाओं, विधानसभा समितियों के सशक्तीकरण के प्रयासों, सदस्यों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, संसदीय सम्मेलनों एवं विशेष सत्रों के आयोजन, ई-विधान परियोजना, राष्ट्रकुल संसदीय सम्मेलन तथा पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलनों में उनकी सहभागिता के साथ ही संसदीय, संवैधानिक और समसामयिक विषयों पर उनके लेखों को भी शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित