भोपाल , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र सोमवार 20 जुलाई से प्रारंभ होकर 24 जुलाई तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को विधानसभा पहुंचकर सत्र की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

विधानसभा सचिवालय के अनुसार अध्यक्ष श्री तोमर ने विधानसभा के सेंट्रल हॉल में स्थापित पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के तैलचित्रों का भी अवलोकन किया। इस दौरान विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा उपस्थित थे।

सचिवालय के मुताबिक सत्र की अधिसूचना जारी होने के बाद अब तक 900 तारांकित और 856 अतारांकित प्रश्नों सहित कुल 1,756 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा 267 ध्यानाकर्षण, पांच स्थगन प्रस्ताव, 20 अशासकीय संकल्प तथा 77 शून्यकाल सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं। उल्लेखनीय है कि यह मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित