भोपाल , फरवरी 26 -- स्थानीय निकाय निर्वाचन प्रक्रिया के आधुनिकीकरण और तकनीकी नवाचारों का अध्ययन करने के लिए मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल बिहार के दौरे पर गया। प्रतिनिधिमंडल में राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश के उप सचिव डॉ. सुतेश शाक्या, अवर सचिव एन. के. लच्छवानी, विधिक सलाहकार प्रदीप शुक्ला तथा आईटी सलाहकार राकेश शुक्ला शामिल थे।

बैठक में बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में निर्वाचन प्रक्रिया में किए गए तकनीकी विस्तार और सुधारों का विस्तृत अध्ययन किया।

अध्ययन के दौरान संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के पूर्ण डिजिटलीकरण, बायोमेट्रिक एवं चेहरे की पहचान प्रणाली के माध्यम से मतदाता सत्यापन, ईवीएम से मतदान, मतदान एवं मतगणना केंद्रों की वेब प्रसारण के माध्यम से लाइव निगरानी, वज्रगृह में डिजिटल लॉक व्यवस्था, ओसीआर तकनीक से मतगणना, जीआईएस मैपिंग, ई-वोटिंग प्रणाली तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान की जानकारी प्राप्त की गई।

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने तकनीक के प्रभावी उपयोग से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिखर सम्मेलन में बिहार द्वारा प्रस्तुत ई-वोटिंग पहल से प्रेरित होकर वे इसके सफल क्रियान्वयन को देखने आए थे। यहां चुनाव सुधारों की दिशा में तकनीकी नवाचार सुव्यवस्थित ढंग से लागू किए गए हैं और प्रत्येक चरण में कार्य सफलतापूर्वक संपादित किया गया है। उन्होंने संकेत दिया कि मध्यप्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में भी इस प्रकार की तकनीकी प्रक्रियाओं और नवाचारों को अपनाने पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित